प्रदीप कुमार
कोटद्वार-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने और सार्वजनिक स्थानों पर कानून व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत कोटद्वार पुलिस ने बुद्धा पार्क में आपस में मारपीट और हंगामा कर रहे तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देशन में जनपदभर में शांति व्यवस्था भंग करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली कि बुद्धा पार्क कोटद्वार में कुछ युवक आपस में मारपीट कर रहे हैं जिससे क्षेत्र में अशांति का माहौल बना हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची जहां दीपक निवासी सूर्यानगर नजीबाबाद रोड कोटद्वार उदय कुमार निवासी शिवपुर कोटद्वार तथा ऋषभ खत्री निवासी कोटद्वार किसी बात को लेकर आपस में विवाद और मारपीट कर रहे थे। पुलिस टीम तथा मौके पर मौजूद लोगों ने तीनों युवकों को समझाने और शांति बनाए रखने का प्रयास किया लेकिन इसके बावजूद वे लगातार झगड़ा और मारपीट करते रहे। स्थिति को देखते हुए तथा किसी अप्रिय घटना की आशंका के मद्देनजर पुलिस ने तीनों युवकों को बीएनएसएस की संबंधित धारा के तहत गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवकों में 22 वर्षीय दीपक निवासी सूर्यानगर नजीबाबाद रोड कोटद्वार 22 वर्षीय उदय कुमार निवासी शिवपुर कोटद्वार तथा 19 वर्षीय ऋषभ खत्री निवासी कोटद्वार शामिल हैं। पुलिस ने तीनों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस टीम में संबंधित कोटद्वार पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
