Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सहायता और सुविधा सुनिश्चित करने के साथ ही पुलिस बिछड़े हुए बच्चों को उनके परिजनों से मिलाने का कार्य भी पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कर रही है। इसी क्रम में नीलकंठ पैदल मार्ग पर अपने परिजनों से बिछड़े दो मासूम कांवड़ियों को पुलिस ने सकुशल खोजकर उनके परिवार के सुपुर्द किया। जानकारी के अनुसार यात्रा मार्ग पर अपने परिजनों से बिछड़े मासूम कांवड़िये लक्की को रिक्रूट आरक्षी विपिन सिंह ने त्वरित कार्रवाई और अथक प्रयासों के बाद सकुशल खोज निकाला। इसके बाद बालक को उसके पिता ज्ञान सिंह निवासी उत्तर प्रदेश के सुपुर्द कर दिया गया। वहीं गौतम नगर दिल्ली निवासी 13 वर्षीय अर्पित मिश्रा श्री नीलकंठ महादेव मंदिर से दर्शन कर लौटते समय अपने पिता से बिछड़ गया। सूचना मिलते ही आरक्षी भोपाल सिंह पीआरडी देवेंद्र सिंह और रिक्रूट आरक्षी ध्रुव ने तत्काल खोजबीन शुरू की। पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए अर्पित के पिता से संपर्क स्थापित किया और मोनी बाबा तिराहे पर बालक को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया। परिजनों से मिलकर दोनों बच्चों के चेहरे पर लौटी मुस्कान और उनके परिवार की खुशी ने पुलिस के सेवा भाव को एक बार फिर साबित किया। कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस सुरक्षा व्यवस्था संभालने के साथ-साथ जरूरतमंद श्रद्धालुओं की हर संभव सहायता कर मानवता और संवेदनशीलता का परिचय दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *