प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। बदरीनाथ धाम की पवित्रता बनाए रखने तथा चारधाम यात्रा के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली बद्रीनाथ पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को 25 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया जबकि मंदिर परिसर में असभ्य एवं अशोभनीय हरकत करने वाले पंजाब के तीन युवकों के विरुद्ध भी पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार 03 अगस्त 2026 को क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने भृगुधारा गुफा जाने वाले पैदल मार्ग पर घेराबंदी कर सुरेंद्र सिंह (75 वर्ष) निवासी ग्राम भृगुधारा थाना बद्रीनाथ जनपद चमोली को 25 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद 25 लीटर अवैध कच्ची शराब को कब्जे में लेकर उसके विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस टीम ने मंदिर परिसर के समीप पंजाब निवासी तीन युवकों को सार्वजनिक स्थान पर असभ्य एवं अशोभनीय हरकतें करते हुए पाया। श्रद्धालुओं की आस्था एवं बद्रीनाथ धाम की गरिमा को देखते हुए पुलिस ने तीनों युवकों को तत्काल कोतवाली लाकर उनके विरुद्ध पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की। चमोली पुलिस ने स्पष्ट किया कि चारधाम यात्रा के दौरान धाम की पवित्रता श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऑपरेशन प्रहार के तहत अभियान लगातार जारी रहेगा। धाम की गरिमा से खिलवाड़ करने वाले तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल हरेंद्र सिंह कांस्टेबल कुलदीप कांस्टेबल आशुतोष तिवारी कांस्टेबल शीशपाल और कांस्टेबल गौरव रावत शामिल रहे।
