प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। बदरीनाथ धाम में प्रतिदिन देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु भगवान बदरी विशाल के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। इनमें बड़ी संख्या में बुजुर्ग दिव्यांग और असहाय श्रद्धालु भी शामिल हैं जिनके लिए मंदिर तक पहुंचना शारीरिक रूप से काफी कठिन होता है। ऐसे श्रद्धालुओं की आस्था को किसी भी कठिनाई के आगे झुकने न देने के लिए चमोली पुलिस के जवान सेवा और समर्पण की मिसाल पेश कर रहे हैं। पुलिस जवान अपनी नियमित ड्यूटी के साथ-साथ मानवता का परिचय देते हुए बुजुर्ग दिव्यांग और असहाय श्रद्धालुओं की सहायता के लिए स्वयं आगे आ रहे हैं। पुलिसकर्मी व्हीलचेयर के माध्यम से श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचा रहे हैं उनका उत्साहवर्धन कर रहे हैं और भगवान बदरी विशाल के सुरक्षित एवं सुगम दर्शन कराने में सहयोग कर रहे हैं। श्रद्धालुओं को दर्शन के बाद मिलने वाली खुशी और उनके चेहरों पर दिखाई देने वाली संतुष्टि पुलिस जवानों के लिए किसी सम्मान से कम नहीं है। यह सेवा इस बात का प्रमाण है कि पुलिस की वर्दी केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है बल्कि मानवता संवेदनशीलता और जनसेवा की भावना का भी सशक्त प्रतीक है। बदरीनाथ धाम में चमोली पुलिस की यह मानवीय पहल श्रद्धालुओं के लिए राहत और भरोसे का माध्यम बन रही है। पुलिस जवान सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ सेवा भाव से श्रद्धालुओं की सहायता कर यह संदेश भी दे रहे हैं कि सेवा ही सबसे बड़ी पूजा है।
