Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने मंगलवार को पौड़ी-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों जल निकासी व्यवस्था मलबा प्रबंधन तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न स्थानों पर मिली खामियों पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को समयबद्ध सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुरक्षा और पर्यावरणीय मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पौड़ी बस अड्डे के समीप श्रीनगर रोड की ओर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बरसाती पानी की निकासी के लिए बनी नाली की खराब स्थिति पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (राष्ट्रीय राजमार्ग) को प्राथमिकता के आधार पर नाली का निर्माण कराने के निर्देश दिए ताकि वर्षा जल की सुचारु निकासी सुनिश्चित की जा सके। इस दौरान सहायक अभियंता ने जानकारी दी कि नाली निर्माण का कार्य एक माह के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। निरीक्षण के दौरान नगर पालिका परिषद के सभासदों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि बरसात के समय नाली जाम होने से पानी पौड़ी गांव की ओर बह जाता है जिससे कई मकानों के आसपास भू-धंसाव जैसी स्थिति उत्पन्न हो रही है। इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद को निर्माण कार्य की नियमित निगरानी करने तथा प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसके बाद जिलाधिकारी ने पौड़ी-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहे चौड़ीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क किनारे फैले पत्थरों और मलबे पर नाराजगी जताते हुए संबंधित कार्यदायी संस्था को तत्काल मलबा हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क पर अनावश्यक रूप से मलबा जमा नहीं रहना चाहिए तथा अनुपयोगी मलबे का समयबद्ध निस्तारण किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं किया गया तो इसे अवैध भंडारण मानते हुए नियमानुसार चालान की कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने डंपिंग जोन का भी निरीक्षण किया और निर्देश दिए कि किसी भी नए डंपिंग जोन में मलबा डालने से पहले वहां गेबियन वॉल (सुरक्षात्मक दीवार) का निर्माण अनिवार्य रूप से किया जाए। उन्होंने पहले से निर्मित गेबियन वॉल की प्रभावशीलता का परीक्षण कराने तथा जहां आवश्यकता हो वहां तत्काल नई गेबियन वॉल का निर्माण शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षात्मक व्यवस्थाएं सुनिश्चित किए बिना किसी भी स्थान पर मलबा डंप नहीं किया जाए। उन्होंने पहाड़ी की ओर होने वाली कटिंग के दौरान सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने ढलानों को सुरक्षित बनाने तथा कटिंग के साथ-साथ मलबे को नियमित रूप से हटाने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्य में लगे सभी श्रमिकों को हेलमेट सुरक्षा जूते तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्य की विस्तृत कार्ययोजना समय-सीमा गेबियन वॉल ब्लॉक टॉप सहित विभिन्न कार्यों की पूर्णता का स्पष्ट रोडमैप शीघ्र प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कार्य गुणवत्ता सुरक्षा और निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप पूरे किए जाएं ताकि आमजन को सुरक्षित सुगम और बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध हो सके। निरीक्षण के दौरान सहायक अभियंता धनंजय वर्मा सभासद अरविंद रावत प्रदीप असवाल अधिशासी अधिकारी नगर पालिका संजय कुमार सहित विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *