Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान देर शाम सीसीआर भवन स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में कांवड़ मेला क्षेत्र की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए जहां आवश्यक सुधार की गुंजाइश पर चर्चा की गई वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाले चार पुलिसकर्मियों और एक स्पेशल पुलिस ऑफिसर (एसपीओ) को ‘मैन ऑफ द डे’ सम्मान से सम्मानित किया गया। समीक्षा बैठक में एसएसपी नवनीत सिंह ने विभिन्न सुपर जोन एवं ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात अधिकारियों से व्यवस्थाओं सुरक्षा इंतजामों ड्यूटी के दौरान आने वाली चुनौतियों पुलिस बल की कार्यप्रणाली तथा कांवड़ियों के व्यवहार एवं रुझान की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा के शेष चरण में भी सुरक्षा यातायात एवं श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाए तथा जहां भी सुधार की आवश्यकता हो वहां तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। एसएसपी ने कांवड़ मेले के दौरान लगातार कठिन परिस्थितियों में कार्य कर रहे पुलिस बल की सराहना करते हुए कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने सभी को आगामी डाक कांवड़ के चरण के लिए मानसिक रूप से पूरी तरह तैयार रहने की सलाह देते हुए सतर्कता और अनुशासन बनाए रखने पर जोर दिया। बैठक के दौरान एसएसपी ने आमजन के बीच पुलिस की सकारात्मक छवि स्थापित करने तथा उत्कृष्ट कार्य कर खाकी का मान बढ़ाने वाले चार पुलिसकर्मियों और एक स्पेशल पुलिस ऑफिसर को ‘मैन ऑफ द डे’ सम्मान प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर सुपर जोन-02 से रिक्रूट आरक्षी विकेश चौहान सुपर जोन-03 से आरक्षी वीरेंद्र तोमर सुपर जोन-10 से एसपीओ अरमान, एसडीआरएफ से फायरमैन नितेश खेतवाल तथा बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) से एएसआई दीपक भट्ट को उनके सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *