Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कांवड़ मेला-2026 के समापन के साथ ही कुंभ मेला-2027 की अवस्थापना विकास परियोजनाओं में तेजी लाई जाएगी। मेला प्रशासन ने इसके लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर सभी कार्यदायी संस्थाओं को आवश्यक तैयारियां अभी से पूरी करने के निर्देश दिए हैं ताकि कांवड़ मेला समाप्त होते ही सभी परियोजनाओं पर पूर्ण क्षमता के साथ कार्य शुरू किया जा सके। इसी क्रम में बुधवार को मेलाधिकारी सोनिका ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कुंभ मेला-2027 से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में निर्माण कार्यों की प्रगति का विस्तृत जायजा लेते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि कांवड़ मेला समाप्त होते ही सभी निर्माण स्थलों पर युद्धस्तर पर कार्य प्रारंभ किया जाए तथा प्रत्येक परियोजना की गुणवत्ता पर लगातार निगरानी रखी जाए। साथ ही सभी प्रमुख निर्माण कार्यों की नियमित थर्ड पार्टी गुणवत्ता जांच भी अनिवार्य रूप से कराई जाए। बैठक में बताया गया कि कुंभ क्षेत्र में श्रद्धालुओं के सुरक्षित एवं सुगम आवागमन के लिए इस बार पांच नए पुलों का निर्माण कराया जा रहा है। मेलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग और सिंचाई विभाग के अभियंताओं को निर्देश दिए कि इन पुलों का निर्माण तय समय के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी पुलों की गुणवत्ता की जांच आईआईटी रुड़की से कराई जाएगी ताकि निर्माण कार्य उच्च तकनीकी मानकों के अनुरूप सुनिश्चित हो सके। उन्होंने मेला प्रशासन एवं तकनीकी सेल के अधिकारियों को पुलों के स्टील स्ट्रक्चर निर्माण की प्रगति का संबंधित वर्कशॉप में जाकर निरीक्षण करने तथा गुणवत्ता की सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश भी दिए। मेलाधिकारी ने समीक्षा के दौरान कहा कि कुंभ मेला-2027 से संबंधित सभी स्थायी एवं अस्थायी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में हर हाल में पूरे किए जाएं। उन्होंने बस अड्डों एवं पार्किंग स्थलों के निर्माण प्रमुख चौराहों के सुधार फुटपाथ एवं पैदल मार्गों के विकास फसाड लाइटिंग तथा शहर के सौंदर्यीकरण से जुड़ी परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि वर्षाकाल समाप्त होते ही कुंभ शिविरों के लिए चिन्हित भूमि की सफाई और समतलीकरण का कार्य तत्काल शुरू कराया जाए ताकि आगे की निर्माण गतिविधियां बिना किसी विलंब के संचालित हो सकें। बैठक में मेलाधिकारी ने कुंभ मेला मद से स्वीकृत सभी सड़कों पुलों घाटों एवं अन्य विकास परियोजनाओं के साथ व्यापक पौधारोपण कर हरित आवरण बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़कों और पुलों के किनारों से अतिक्रमण तत्काल हटाने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि यदि अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो संबंधित कार्यदायी संस्था का भुगतान रोक दिया जाएगा। बैठक के दौरान विभिन्न स्थानों पर जलभराव की समस्या पर भी गंभीरता से चर्चा हुई। मेलाधिकारी ने संबंधित विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं को प्रभावी जलनिकासी व्यवस्था सुनिश्चित कर जलभराव की समस्या का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती वित्त नियंत्रक लखेन्द्र गौंथियाल तकनीकी सेल के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp