Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसके तहत जनपद टिहरी में प्रारूप निर्वाचक नामावली के प्रकाशन के बाद नोटिसों की सुनवाई तथा दावों और आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर जारी है। इसी क्रम में विकासखंड चंबा की ग्राम पंचायत ढरसाल में विशेष अभियान के तहत सुनवाई एवं निस्तारण की कार्रवाई की जा रही है। सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी प्रशांत कुमार चौधरी ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र टिहरी के मतदान केंद्र संख्या 53 ढरसाल में पिछले तीन दिनों के दौरान कुल 385 नोटिसों की सुनवाई की गई। इनमें से 363 मामलों का निस्तारण किया जा चुका है जबकि शेष 22 मामलों में आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने के लिए संबंधित व्यक्तियों से दस्तावेज मांगे गए हैं। दस्तावेज प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जनपद की छह विधानसभा क्षेत्रों के कुल 994 मतदान केंद्रों पर विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। जनपद में पंजीकृत कुल मतदाताओं में से 1 लाख 17 हजार 501 मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। प्राप्त दावों आपत्तियों एवं नोटिसों के निस्तारण की कार्रवाई निर्धारित समयसीमा के भीतर त्वरित गति से की जा रही है ताकि अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन पूरी पारदर्शिता एवं शुद्धता के साथ किया जा सके। इस दौरान बीएलओ आंचल गोदियाल हरीश भट्ट एवं गौरव सजवाण सहित संबंधित कर्मचारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp