Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर नगर निगम क्षेत्र में लंबे समय से लंबित प्रेस क्लब भवन निर्माण की मांग को अब नई गति मिलने की उम्मीद जगी है। भारत श्रमजीवी पत्रकार संघ के जिला अध्यक्ष देवेंद्र गौड़ एवं प्रेस क्लब श्रीनगर गढ़वाल के अध्यक्ष डॉ.श्रीकृष्ण उनियाल के नेतृत्व में पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को महापौर आरती भंडारी से शिष्टाचार भेंट कर प्रेस क्लब भवन के लिए भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। प्रतिनिधिमंडल ने महापौर को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि पत्रकार समाज और सरकार के बीच सेतु का कार्य करते हैं तथा शहर से लेकर दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं और आवाज को अपनी लेखनी के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाते हैं। इसके बावजूद आज तक श्रीनगर के पत्रकारों के लिए स्थायी प्रेस क्लब भवन का निर्माण नहीं हो पाया है। प्रतिनिधिमंडल ने प्रेस क्लब भवन निर्माण के लिए लगभग दो नाली (करीब 400 वर्गमीटर) भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। महापौर आरती भंडारी ने पत्रकारों की मांग को गंभीरता से लेते हुए सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि नगर निगम स्तर पर भूमि की उपलब्धता का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर जिला प्रशासन एवं अन्य संबंधित विभागों से भी समन्वय स्थापित कर प्रेस क्लब भवन के लिए उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। महापौर ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं। समाज की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। उन्होंने कहा कि श्रीनगर के पत्रकारों को अपना प्रेस क्लब भवन उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करेगा। भूमि की उपलब्धता का परीक्षण कराया जाएगा और आवश्यकता होने पर जिला प्रशासन के साथ समन्वय कर इस दिशा में सकारात्मक पहल की जाएगी ताकि पत्रकारों को शीघ्र स्थायी प्रेस क्लब भवन की सौगात मिल सके। महापौर के इस सकारात्मक रुख से नगर क्षेत्र के पत्रकारों में नई उम्मीद जगी है। लंबे समय से चली आ रही प्रेस क्लब भवन की मांग के जल्द साकार होने की संभावना बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp