Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने गुरुवार को विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चार खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए तथा प्रतिष्ठान संचालकों को स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विनय शंकर पांडे तथा जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में सहायक आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन हरिद्वार महिमानन्द जोशी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने साधुबेला भूपतवाला बैरागी कैंप सहित विभिन्न क्षेत्रों में स्थित स्थायी एवं अस्थायी ढाबों रेस्टोरेंटों तथा अन्य खाद्य व्यवसाय प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। अभियान के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से क्रीम कढ़ी-पकौड़ा बेसन तथा स्ट्रिंग एनर्जी ड्रिंक सहित कुल चार खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए गए। इन नमूनों को प्रयोगशाला भेजा जाएगा जहां गुणवत्ता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप उनकी जांच की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ढाबों एवं रेस्टोरेंट संचालकों को परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने ताजा एवं गुणवत्तायुक्त भोजन परोसने खाद्य सामग्री को ढककर सुरक्षित रखने तथा केवल अच्छी गुणवत्ता वाली कच्ची खाद्य सामग्री का उपयोग करने के निर्देश दिए। साथ ही खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी सभी मानकों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया। खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य एवं खाद्य सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस प्रकार के निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। अभियान के दौरान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेंद्र पांडे तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र शर्मा भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp