Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। आगामी 15 अगस्त को श्रीनगर के ऐतिहासिक गोला बाजार में नगर निगम श्रीनगर की ओर से आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह एवं विद्यालय स्तरीय प्रतियोगिताओं की तैयारियों को लेकर नगर निगम सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तय करते हुए निर्णय लिया गया कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरी तरह तिरंगा थीम पर आधारित होगा। बैठक में नगर निगम क्षेत्र के सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों शिक्षक-शिक्षिकाओं खंड शिक्षा अधिकारी खिर्सू नगर निगम के पार्षदों तथा अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम को आकर्षक अनुशासित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक निर्णय लिए गए। बैठक में तय किया गया कि प्रत्येक विद्यालय केवल एक ही आयु वर्ग प्राथमिक जूनियर अथवा सीनियर वर्ग के विद्यार्थियों के साथ प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करेगा। विद्यालय अपनी सुविधा के अनुसार झांकी एवं परेड में भाग ले सकेंगे। परेड में प्रत्येक विद्यालय की ओर से 33 छात्र-छात्राओं का एक दल शामिल होगा जिससे सभी विद्यालयों की प्रस्तुतियों में एकरूपता बनी रहेगी और परेड अधिक आकर्षक दिखाई देगी। महापौर आरती भंडारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले सभी छात्र-छात्राओं के लिए पेयजल जलपान तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी विद्यार्थी को कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और नगर निगम इस संबंध में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करेगा। महापौर ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनकी सुरक्षा सुविधा तथा सम्मान नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह केवल राष्ट्रीय पर्व नहीं बल्कि नई पीढ़ी में देशभक्ति राष्ट्रीय एकता अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। इसलिए सभी विद्यालय पूरे उत्साह अनुशासन और गरिमा के साथ समारोह में सहभागिता सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी विद्यालयों से आकर्षक झांकियों अनुशासित परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस समारोह को यादगार बनाने का आह्वान किया। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं ताकि समारोह का आयोजन भव्य व्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। बैठक में नगर आयुक्त नुपुर वर्मा खंड शिक्षा अधिकारी खिर्सू अश्वनी रावत सहायक नगर आयुक्त रविराज बंगारी मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक शशि पंवार नगर निगम के पार्षदगण तथा विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *