Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी.पुरुषोत्तम ने बुधवार को कुमाऊं और गढ़वाल मंडलों के मंडलायुक्तों तथा प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) की समीक्षा बैठक की। बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण तथा वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांग मतदाताओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए कि 65 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांग मतदाताओं के घर जाकर जारी किए गए नोटिसों की सुनवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में विसंगतियों से संबंधित नोटिस जारी किए गए हैं उनमें विशेष ध्यान रखा जाए कि बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं को अनावश्यक रूप से मतदान केंद्र या बूथ तक आने की आवश्यकता न पड़े और उनकी समस्याओं का समाधान घर पर ही किया जाए। समीक्षा बैठक में सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि मतदाता सूची से संबंधित फार्म-6 फार्म-7 और फार्म-8 के अंतर्गत अब तक प्राप्त सभी आवेदनों की नियमानुसार जांच कर उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि दावे एवं आपत्तियों के चरण में यदि किसी एक मतदाता द्वारा पांच से अधिक मामलों में दावे अथवा आपत्तियां प्रस्तुत की जाती हैं तो ऐसे मामलों में निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी स्वयं नियमानुसार जांच एवं सत्यापन की कार्रवाई करेंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कुमाऊं मंडल के आयुक्त दीपक रावत तथा गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने मंडलों के जनपदों का स्वयं भ्रमण कर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की सुपर चेकिंग करें तथा अभियान की प्रगति और गुणवत्ता की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करें। बैठक में टिहरी गढ़वाल से जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल तथा अपर जिला निर्वाचन अधिकारी विजय तिवारी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को पारदर्शी समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp