प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देशन में जनता इंटर कॉलेज जामलाखाल में मिशन शक्ति एवं वन स्टॉप सेंटर पौड़ी गढ़वाल के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय जागरूकता एवं प्रचार-प्रसार कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा अधिकारों तथा उपलब्ध सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करना था। कार्यशाला में वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासिका लक्ष्मी रावत ने छात्र-छात्राओं को वन स्टॉप सेंटर की कार्यप्रणाली की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हिंसा अथवा उत्पीड़न से प्रभावित महिलाओं एवं बालिकाओं को केंद्र के माध्यम से कानूनी चिकित्सीय मनोवैज्ञानिक परामर्श सहित विभिन्न प्रकार की सहायता सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। उन्होंने किशोरियों को घरेलू हिंसा के विभिन्न स्वरूपों उसके दुष्प्रभावों तथा उससे बचाव के प्रभावी उपायों के बारे में भी विस्तार से जागरूक किया। कार्यशाला के दौरान छात्र-छात्राओं को पॉक्सो अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी देते हुए बच्चों के अधिकारों सुरक्षा तथा संवेदनशील परिस्थितियों में अपनाए जाने वाले आवश्यक कदमों से अवगत कराया गया। साथ ही महिला हेल्पलाइन 181 चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 सहित अन्य आपातकालीन सहायता सेवाओं की जानकारी साझा की गई ताकि आवश्यकता पड़ने पर इन सेवाओं का प्रभावी ढंग से उपयोग किया जा सके। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य वीरेन्द्र सिंह रावत प्रवक्ता राकेश कुमार पूजा सिलमाणा मीरा सेमवाल कविता परमार नीलम कोहली नमिता सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यशाला में छात्र-छात्राओं से महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के प्रति सजग रहने तथा किसी भी प्रकार की हिंसा या उत्पीड़न की स्थिति में संबंधित सहायता सेवाओं का तत्काल उपयोग करने का आह्वान किया गया।
