Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विश्वविद्यालय परिसरों तथा संबद्ध महाविद्यालयों एवं संस्थानों में संचालित स्नातकोत्तर (पीजी) सहित विभिन्न व्यावसायिक एवं शिक्षण पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब पात्र अभ्यर्थी 7 अगस्त 2026 की रात 11:55 बजे तक ऑनलाइन पंजीकरण कर सकेंगे। विश्वविद्यालय की ओर से जारी प्रवेश परिपत्र के अनुसार यह तिथि विस्तार विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा (यूईटी)-2026 में शामिल सभी पात्र अभ्यर्थियों पर लागू होगा। अभ्यर्थियों को समर्थ (SAMARTH) प्रवेश पोर्टल के माध्यम से अपनी पसंद के विश्वविद्यालय परिसर अथवा संबद्ध महाविद्यालय एवं संस्थान का चयन करते हुए संबंधित पाठ्यक्रम के लिए ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा। विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर (पीजी) के अलावा बीएड एमएड बीपीएड एमपीएड एलएलबी एलएलएम तथा स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित अवधि के भीतर अपना पंजीकरण पूरा कर सकते हैं। विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों को निर्देश दिए हैं कि पंजीकरण प्रक्रिया प्रारंभ करने से पहले वे अकाउंट वेरिफिकेशन कोड (Account Verification Code) पर क्लिक कर अपनी पंजीकृत ई-मेल आईडी का सत्यापन अवश्य कर लें। इसके बाद पंजीकृत ई-मेल आईडी को यूज़रनेम तथा यूईटी-2026 के रोल नंबर और जन्म वर्ष को पासवर्ड के रूप में उपयोग करते हुए पोर्टल पर लॉगिन कर प्रवेश पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी। विश्वविद्यालय ने सभी पात्र अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते अपना ऑनलाइन पंजीकरण पूर्ण कर लें ताकि प्रवेश प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। यह प्रवेश परिपत्र डीन ऑफ स्टूडेंट्स वेलफेयर प्रो.ओ.पी.गुसाईं द्वारा 5 अगस्त 2026 को जारी किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *