प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी दीपावली पर्व के दृष्टिगत अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रभारी अग्निशमन अधिकारी गोपेश्वर के नेतृत्व में फायर सर्विस टीम द्वारा गोपेश्वर नगर क्षेत्र में विशेष अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान टीम ने क्षेत्र के होटल ढाबों रेस्टोरेंट एवं पटाखा विक्रेताओं को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। इस दौरान उन्हें प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों के उपयोग की विधि के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही अग्निशमन यंत्रों के सही एवं प्रभावी इस्तेमाल का तरीका समझाया गया। फायर सर्विस टीम ने सभी प्रतिष्ठान संचालकों एवं पटाखा विक्रेताओं को निर्देश दिए कि वे अपने प्रतिष्ठानों में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों को सदैव कार्यशील अवस्था में रखें तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें। टीम ने सभी से अपील की कि दीपावली के दौरान आग से बचाव के लिए निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करें। किसी भी प्रकार की अग्नि दुर्घटना अथवा आपात स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल आपातकालीन नंबर 112 पर सूचना दें ताकि समय रहते आवश्यक सहायता पहुंचाई जा सके।
