प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। दीपावली पर्व के मद्देनजर पटाखों की दुकानों के आवंटन एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर गुरुवार को थाना पौड़ी में बैठक आयोजित की गई। संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पटाखों की बिक्री के लिए स्थान निर्धारित करने के साथ ही दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया और सुरक्षा मानकों पर विस्तार से चर्चा की गई। संयुक्त मजिस्ट्रेट ने बताया कि दीपावली के अवसर पर 6 से 8 नवंबर तक पटाखों की दुकानें नए बस अड्डे की ऊपरी मंजिल स्थित पार्किंग तथा रामलीला मैदान में लगाई जाएंगी। दुकानों का आवंटन लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा ताकि सभी इच्छुक व्यापारियों को समान अवसर मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन व्यापारियों को दुकानें आवंटित की जाएंगी वे निर्धारित स्थान पर ही पटाखों की बिक्री करेंगे। संयुक्त मजिस्ट्रेट ने व्यापारियों को पटाखों की बिक्री के दौरान अग्नि सुरक्षा सहित सभी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए ताकि दीपावली के दौरान सुरक्षित माहौल बना रहे। बैठक में व्यापार सभा अध्यक्ष विनय शर्मा कोतवाली प्रभारी जयपाल नेगी नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार प्रभारी अग्निशमन अधिकारी महताब अली सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
