प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी दीपावली पर्व को सुरक्षित बनाने और जनपद में अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम के साथ आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देश पर टिहरी पुलिस द्वारा अग्निसुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 05 नवंबर 2026 को अग्निशमन अधिकारी देवेंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व में नरेंद्र नगर क्षेत्र के विभिन्न होटल रेस्टोरेंट एवं औद्योगिक इकाइयों का अग्निसुरक्षा की दृष्टि से निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठानों में उपलब्ध अग्निसुरक्षा व्यवस्थाओं अग्निशमन उपकरणों एवं आपातकालीन निकास मार्गों का जायजा लिया गया। साथ ही प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में तत्काल की जाने वाली आवश्यक कार्रवाई एवं बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। अग्निशमन टीम ने उपस्थित कर्मचारियों को अग्निशमन उपकरणों विशेषकर फायर एक्सटिंग्विशर के सही एवं प्रभावी संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया। कर्मचारियों को बताया गया कि आग लगने की शुरुआती अवस्था में किस प्रकार सावधानीपूर्वक अग्निशमन उपकरणों का उपयोग कर आग पर काबू पाया जा सकता है और स्वयं के साथ अन्य लोगों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जा सकती है। निरीक्षण के दौरान होटल रेस्टोरेंट एवं औद्योगिक इकाइयों के संचालकों तथा प्रबंधकों को प्रतिष्ठानों में पर्याप्त संख्या में अग्निशमन उपकरण उपलब्ध रखने और उन्हें सदैव क्रियाशील अवस्था में बनाए रखने के निर्देश दिए गए। आग बुझाने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी एवं रेत की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। आपातकालीन निकास मार्गों को हमेशा खुला एवं अवरोधमुक्त रखने के निर्देश दिए गए। प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मचारियों को अग्निशमन उपकरणों के संचालन और आपातकालीन बचाव प्रक्रिया की जानकारी देने को भी कहा गया। दीपावली के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और ज्वलनशील पदार्थों को सुरक्षित स्थान पर रखने के निर्देश दिए गए। टिहरी पुलिस ने सभी प्रतिष्ठान संचालकों एवं आमजन से अपील की है कि दीपावली पर्व के दौरान विशेष सावधानी बरतें तथा आतिशबाजी एवं अन्य ज्वलनशील गतिविधियों के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करें। किसी भी प्रकार की आगजनी अथवा अग्नि दुर्घटना होने पर तत्काल आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 अथवा नजदीकी फायर स्टेशन को सूचना दें ताकि समय रहते राहत एवं बचाव कार्यवाही की जा सके। टिहरी पुलिस ने लोगों से सतर्क एवं सुरक्षित रहने की अपील करते हुए कहा है कि थोड़ी सी सावधानी किसी बड़ी दुर्घटना को रोक सकती है। इस दीपावली खुशियों के साथ सुरक्षा का भी संकल्प लें।
