Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। पवित्र कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों को त्वरित एवं निशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह मुस्तैद है। कांवड़ पटरी मार्ग सहित जनपद के 32 स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर स्थापित किए गए हैं जहां स्वास्थ्य खराब होने अथवा किसी प्रकार की चोट लगने पर शिवभक्तों का तत्काल निशुल्क उपचार किया जा रहा है। मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र ने भी स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण कर कांवड़ यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.आर.के.सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्थापित 32 स्वास्थ्य शिविरों में कांवड़ यात्रा के नौवें दिन 22,608 शिवभक्तों का निशुल्क उपचार किया गया। अब तक कुल 1,31,025 शिवभक्तों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा चुकी हैं। उन्होंने बताया कि शिवभक्तों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए इस वर्ष पहली बार पांच मेडिकल मोबाइल यूनिट भी कांवड़ यात्रा में शामिल की गई हैं जो विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर जरूरतमंद श्रद्धालुओं को तत्काल उपचार उपलब्ध करा रही हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी ने कांवड़ यात्रियों से अपील की कि यात्रा के दौरान पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें समय-समय पर विश्राम करें तथा किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर निकटतम स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार अवश्य प्राप्त करें। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित सुगम एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। स्वास्थ्य शिविरों मेडिकल मोबाइल यूनिटों तथा चिकित्सकीय टीमों के माध्यम से पूरे यात्रा मार्ग पर लगातार निगरानी रखते हुए जरूरतमंद शिवभक्तों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed