प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के अंतर्गत विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के अद्यतन का कार्य जनपद रुद्रप्रयाग में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत प्राप्त दावे-आपत्तियों के निस्तारण के साथ ही दस्तावेज सत्यापन एवं सुनवाई की प्रक्रिया भी लगातार जारी है। इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में एनआईसी सभागार रुद्रप्रयाग से निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) तथा संबंधित अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत दस्तावेज सत्यापन नोटिसों की तामील प्राप्त दावे एवं आपत्तियों की स्थिति सुनवाई की प्रगति तथा लंबित प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने सभी ईआरओ एवं एईआरओ को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करते हुए बीएलओ के माध्यम से प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्ष पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ संपन्न की जाए ताकि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम निर्वाचक नामावली में शामिल हो और अपात्र प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाया जा सके। उन्होंने निर्देश दिए कि सत्यापन के दौरान किसी भी पात्र मतदाता को अनावश्यक असुविधा न हो। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित बीएलओ राजस्व एवं विकास विभाग के अधिकारियों के समन्वय से घर-घर जाकर सत्यापन की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सुनवाई एवं सत्यापन से संबंधित सभी अभिलेखों का सुव्यवस्थित रखरखाव किया जाए तथा प्रत्येक कार्रवाई का रिकॉर्ड निर्धारित प्रारूप में संधारित किया जाए। जिलाधिकारी ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को पूर्ण पारदर्शिता गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ संपन्न करने के निर्देश देते हुए कहा कि जनपद की निर्वाचक नामावली त्रुटिरहित एवं अद्यतन तैयार करना सभी अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। बैठक में संबंधित निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) तथा निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
