प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.मेघना असवाल के निर्देशन में भारत सरकार के टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग पौड़ी द्वारा नर्सिंग कॉलेज डोभ श्रीकोट पौड़ी में एक दिवसीय निःशुल्क टीबी एक्सरे एवं टीबी जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य संदिग्ध टीबी मरीजों की शीघ्र पहचान कर उनका समय पर उपचार शुरू करना तथा समुदाय में टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। शिविर के दौरान लोगों को निःशुल्क छाती का डिजिटल एक्सरे बलगम जांच चिकित्सकीय परामर्श एवं दवा वितरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई। शिविर में नर्सिंग कॉलेज के छात्र-छात्राओं शिक्षकों कर्मचारियों तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के कुल 73 लोगों ने जांच कराई। इस अवसर पर नर्सिंग कॉलेज की प्राचार्या डॉ.मीनू ने कहा कि वर्तमान में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में कार्य करना है। टीबी रोकथाम में उनकी अग्रणी भूमिका सुनिश्चित करने और उनकी सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से नर्सिंग कॉलेज में इस शिविर का आयोजन किया गया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.मेघना असवाल ने कहा कि टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत वर्ष 2026 तक जनपद को टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जनपद के सभी 15 विकासखंडों में विशेष टीमें गठित की गई हैं। इन टीमों द्वारा विभिन्न स्थानों पर शिविर आयोजित कर शुरुआती स्तर पर ही टीबी मरीजों की पहचान की जा रही है। चिन्हित मरीजों का निक्षय पोर्टल पर पंजीकरण कर उन्हें निःशुल्क उपचार के साथ पोषण सहायता राशि भी उपलब्ध कराई जा रही है। शिविर के दौरान एसटीएस नीरज भंडारी जिला समन्वयक दामोदर प्रसाद ममगाई सुबोध कुकशाल सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।
