प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। देवप्रयाग क्षेत्र में पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग पर कुंडधार के निकट एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 250 मीटर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में वाहन सवार पांच लोगों की मौत हो गई जबकि एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही थाना देवप्रयाग पुलिस एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मौके पर जांच में पता चला कि वाहन संख्या यूके 08 बीएल 0387 (बोलेरो) में कुल छह लोग सवार थे। दुर्घटना में घायल अरमान (14 वर्ष) पुत्र अफजल निवासी रायपुर जीतपुर थाना कोतवाली लक्सर जनपद हरिद्वार का रेस्क्यू कर उपचार के लिए बेस अस्पताल श्रीनगर भेजा गया। हादसे में अफजल (49 वर्ष) पुत्र अकबर सूफी शब्बो (40 वर्ष) पत्नी अफजल अन्नाविया (3 वर्ष) पुत्री अफजल शादाब (14 वर्ष) पुत्र अफजल तथा गुफरान (34 वर्ष) पुत्र अकबर सूफी की मृत्यु हो गई। सभी मृतक रायपुर जीतपुर थाना कोतवाली लक्सर जनपद हरिद्वार के निवासी थे। पुलिस के अनुसार पांचवें मृतक की पहचान गुफरान पुत्र अकबर सूफी के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा सभी शवों को खाई से निकालकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अफजल पौड़ी में ठेकेदारी का कार्य करते थे तथा वह स्वयं वाहन चला रहे थे। वह अपने परिवार के साथ घूमने के लिए पौड़ी की ओर आ रहे थे तभी कुंडधार के निकट यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटनास्थल पर क्षेत्राधिकारी पौड़ी तपेश कुमार प्रभारी निरीक्षक पौड़ी जयपाल नेगी थानाध्यक्ष देवप्रयाग अमरजीत सिंह रावत पुलिस टीम एसडीआरएफ की दो टीमें तथा राजस्व विभाग एवं परिवहन विभाग की टीमें भी मौजूद रहीं।
