प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कांवड़ यात्रा 2026 के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लेने अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरगेशन हरिद्वार पहुंचे। उन्होंने सीसीआर स्थित मेला कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया और सीसीटीवी कंट्रोल रूम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों की यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने एडीजी कानून व्यवस्था को वर्तमान में लागू यातायात प्लान हाईवे और कांवड़ पटरी की मौजूदा स्थिति के साथ अब तक गंगाजल लेकर अपने गंतव्य के लिए रवाना हो चुके कांवड़ियों की विस्तृत जानकारी दी। समीक्षा के बाद डॉ.वी.मुरगेशन ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह एवं पुलिस अधीक्षक यातायात निशा यादव को निर्देश दिए कि डाक कांवड़ के दौरान बढ़ने वाले वाहनों और श्रद्धालुओं की संख्या के अनुरूप यातायात एवं डायवर्जन प्लान समय पर लागू किया जाए। उन्होंने पार्किंग स्थलों से वाहनों की सुगम निकासी सुनिश्चित करने तथा कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को निर्बाध बनाए रखने के भी निर्देश दिए।
