प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कांवड़ मेला 2026 के दसवें दिन हरिद्वार में शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। मेला कंट्रोल रूम में स्थापित पुलिस कंट्रोल रूम से प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को 55 लाख 40 हजार शिवभक्त हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। इसके साथ ही कांवड़ यात्रा शुरू होने से अब तक कुल 3 करोड़ 19 लाख 48 हजार शिवभक्त पवित्र गंगाजल लेकर विभिन्न राज्यों में अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हो चुके हैं। हरिद्वार में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की जा रही हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर प्रशासन एवं पुलिस की ओर से लगातार निगरानी रखी जा रही है। कांवड़ यात्रा को सुरक्षित सुव्यवस्थित एवं सुचारु बनाए रखने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। प्रमुख स्नान घाटों कांवड़ मार्गों तथा संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा यातायात स्वास्थ्य स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। जिला प्रशासन ने सभी शिवभक्तों से अपील की है कि यात्रा के दौरान निर्धारित मार्गों का पालन करें और प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करें। साथ ही स्वच्छ एवं सुरक्षित कांवड़ यात्रा के संचालन में अपना सहयोग प्रदान करने की अपील की गई है।
