Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। पवित्र कांवड़ यात्रा पर आने वाले शिवभक्तों का स्वास्थ्य खराब होने या किसी कारण से चोट लगने पर तत्काल निशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा कांवड़ पटरी मार्ग सहित 32 स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर लगाए गए हैं जहां शिवभक्तों को आवश्यक चिकित्सकीय उपचार एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.आरके सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिवभक्तों को निशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए 32 स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर लगाए गए हैं। कांवड़ यात्रा के दसवें दिन विभिन्न स्वास्थ्य शिविरों में पहुंचे 30,610 शिवभक्तों का निशुल्क उपचार किया गया। कांवड़ यात्रा शुरू होने से अब तक कुल 1 लाख 61 हजार 635 शिवभक्तों का निशुल्क उपचार किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान पहली बार पांच मेडिकल मोबाइल यूनिट भी शामिल की गई हैं। इन मेडिकल मोबाइल यूनिट के माध्यम से शिवभक्तों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है जिससे यात्रा के दौरान स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर उन्हें तत्काल उपचार मिल सके। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.आरके सिंह ने कांवड़ यात्रियों से अपील की कि यात्रा के दौरान पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और समय-समय पर विश्राम करें। किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर निकटतम स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार अवश्य प्राप्त करें। जनपद प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित सुगम एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्यरत हैं। स्वास्थ्य शिविरों और मेडिकल मोबाइल यूनिट के माध्यम से कांवड़ यात्रा पर आने वाले शिवभक्तों को आवश्यकता के अनुसार तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp