Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोपेश्वर में शिक्षा संकाय की ओर से ‘समौण अगली पीढ़ी तें’ पारंपरिक पहाड़ी पकवान महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में उत्तराखंड की पारंपरिक संस्कृति और पहाड़ी खान-पान की समृद्ध झलक देखने को मिली। महाविद्यालय पहुंचने पर शिक्षा संकाय के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर अमित कुमार जैसवाल ने बैज अलंकरण एवं शॉल भेंट कर पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार का स्वागत किया। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश ने विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान बीएड द्वितीय सेमेस्टर के प्रशिक्षणार्थियों ने कक्ष में विभिन्न पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों की प्रस्तुति दी। पुलिस अधीक्षक ने सभी प्रस्तुतियों का अवलोकन किया और प्रशिक्षणार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न पहाड़ी व्यंजनों का स्वाद भी लिया। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से व्यंजनों के बारे में जानकारी ली और उनके प्रयासों की सराहना की। इस दौरान प्रशिक्षणार्थियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों की प्रस्तुतियों ने पूरे आयोजन को उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं से जोड़ दिया। कार्यक्रम में पहाड़ी खान-पान के साथ ही स्थानीय संस्कृति की झलक देखने को मिली। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने कहा कि अपनी संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपने पारंपरिक खान-पान और संस्कृति को जानने तथा उसे आगे बढ़ाने का अवसर मिलता है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों द्वारा पारंपरिक व्यंजनों एवं संस्कृति को लेकर किए गए प्रयास की सराहना की। कार्यक्रम में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोपेश्वर के प्राचार्य प्रोफेसर एमपी नगवाल सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं प्रशिक्षणार्थी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *