प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे द्वारा जनपद में वांछित एवं ईनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी चंबा के निकट पर्यवेक्षण में थाना थत्यूड़ पुलिस टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने 1500 रुपये के ईनामी एवं वांछित अभियुक्त आदर्शवीर धवन उर्फ राहुल को पंजाब के लुधियाना से गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के विरुद्ध नई टिहरी न्यायालय द्वारा गैर जमानती वारंट जारी किया गया था और वह लगातार गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहा था। पुलिस टीम द्वारा उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। पंजाब में छिपा था वांछित अभियुक्त थाना थत्यूड़ में दर्ज मामले में वांछित अभियुक्त आदर्शवीर धवन उर्फ राहुल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही थी। पुलिस टीम को 7 अगस्त 2026 को मुखबिर से अभियुक्त के संबंध में सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने लक्ष्य सीएससी सेंटर जस्सिया रोड हैबोवाल थाना हैबोवाल जिला लुधियाना पंजाब से अभियुक्त को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई और उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। वाहन खरीद फरोख्त के नाम पर 6 लाख 60 हजार रुपये की धोखाधड़ी वादी सचवीर सिंह निवासी ग्राम रौंतू की बेली थाना थत्यूड़ द्वारा अभियुक्त आदर्शवीर धवन उर्फ राहुल के विरुद्ध वाहन खरीद-फरोख्त के नाम पर 6 लाख 60 हजार रुपये हड़पने के संबंध में थाना थत्यूड़ में मामला दर्ज कराया गया था। विवेचना के दौरान अभियुक्त की इसी प्रकार की अन्य धोखाधड़ी की घटनाओं में संलिप्तता भी सामने आई। जांच में थाना राजपुर जनपद देहरादून में भी अभियुक्त के विरुद्ध धोखाधड़ी के दो अन्य मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई। गिरफ्तारी से बचने के लिए अभियुक्त लगातार अपना ठिकाना बदलकर फरार चल रहा था। पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास और प्रभावी सूचना तंत्र के माध्यम से उसकी तलाश की गई जिसके बाद उसे पंजाब के लुधियाना से गिरफ्तार करने में सफलता मिली। गिरफ्तार अभियुक्त आदर्शवीर धवन उर्फ राहुल पुत्र जुगल किशोर निवासी लेन नंबर 05 विवेक विहार नई बस्ती थाना राजपुर जनपद देहरादून उम्र 40 वर्ष। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम उपनिरीक्षक नवल किशोर गुप्ता हेड कांस्टेबल 171 नागरिक पुलिस चेतन सिंह एवं हेड कांस्टेबल 145 नागरिक पुलिस कुलदीप कुमार पुलिस टीम में शामिल रहे। टिहरी पुलिस का संदेश टिहरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध कर फरार होने वाले अपराधियों के लिए पुलिस की पहुंच से दूर कोई ठिकाना नहीं है। वांछित एवं ईनामी अपराधियों के विरुद्ध टिहरी पुलिस की प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
