प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। पवित्र कांवड़ यात्रा में आने वाले शिवभक्तों को स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या या चोट लगने की स्थिति में तत्काल निशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा कांवड़ पटरी मार्ग सहित जनपद में 32 स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर लगाए गए हैं जहां श्रद्धालुओं को चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार की सुविधा दी जा रही है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.आर.के.सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से 32 स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर संचालित किए जा रहे हैं। कांवड़ यात्रा के 11वें दिन विभिन्न स्वास्थ्य शिविरों में पहुंचे 31 हजार 739 शिवभक्तों का निशुल्क उपचार किया गया। इसके साथ ही कांवड़ यात्रा शुरू होने से अब तक कुल 1 लाख 93 हजार 374 शिवभक्तों को निशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा चुकी है। उन्होंने बताया कि हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान पहली बार पांच मेडिकल मोबाइल यूनिट भी शामिल की गई हैं। इन मेडिकल मोबाइल यूनिट के माध्यम से कांवड़ यात्रा मार्ग पर शिवभक्तों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इससे यात्रा के दौरान स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर श्रद्धालुओं को समय पर उपचार मिल रहा है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.आर.के.सिंह ने कांवड़ यात्रियों से अपील की कि यात्रा के दौरान पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और समय-समय पर विश्राम करते रहें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर उसे नजरअंदाज न करें और तत्काल निकटतम स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार प्राप्त करें। जनपद प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित सुगम एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। स्वास्थ्य शिविरों और मेडिकल मोबाइल यूनिट के माध्यम से शिवभक्तों को यात्रा मार्ग पर आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
