प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। शासन के निर्देशों एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जनपद में 9 से 17 अगस्त तक आयोजित होने वाले हर घर तिरंगा अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों की शुरुआत की गई। अभियान के अंतर्गत शनिवार को जनपद के विभिन्न स्कूलों एवं विकासखंडों की ग्राम पंचायतों में तिरंगा रैली और साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैलियों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित चंद ने बताया कि रोशनाबाद स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय राजीव गांधी नवोदय विद्यालय शिकारपुर नेता सुभाष चंद्र आवासीय विद्यालय लालढांग तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय भगवानपुर में हर घर तिरंगा अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं द्वारा वंदे मातरम् गीत का गायन किया गया तथा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। इसके बाद विद्यार्थियों ने तिरंगा रैली निकालकर लोगों को अभियान के प्रति जागरूक किया। रैली के दौरान छात्र-छात्राओं में देशभक्ति का उत्साह दिखाई दिया। हाथों में तिरंगा लेकर विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय एकता और देशप्रेम का संदेश दिया। विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देश के प्रति जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूक किया गया। जिला पंचायत राज अधिकारी मोहम्मद मुस्तफा खां ने बताया कि विकासखंड खानपुर एवं लक्सर की ग्राम पंचायत चंदपुर बंगार में युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में साइकिल रैली का आयोजन किया गया। इसके साथ ही घर-घर जाकर पैदल रैली भी निकाली गई। ग्रामीणों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए हर घर तिरंगा अभियान का संदेश लोगों तक पहुंचाया। इसी क्रम में ग्राम पंचायत ढाढकी लक्सर सहित अन्य ग्राम पंचायतों में भी स्कूल के छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों द्वारा तिरंगा रैली निकाली गई। रैलियों में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने सहभागिता की तथा हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने का संदेश दिया। जनपद में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों युवाओं और ग्रामीणों को अभियान से जोड़ने के साथ ही लोगों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने के लिए प्रेरित किया गया। जिला प्रशासन द्वारा 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाना है।
