Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कांवड़ मेला-2026 के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जनपद में लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। खाद्य सुरक्षा आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड विनय शंकर पांडे और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में रविवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने हरिद्वार और रुड़की क्षेत्र में विभिन्न खाद्य कारोबार प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। हरिद्वार नगर निगम क्षेत्र में सहायक आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन हरिद्वार महिमानंद जोशी के नेतृत्व में टीम ने शांतिकुंज भूपतवाला अपर रोड हरकी पैड़ी और बिल्केश्वर सहित विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। अभियान के दौरान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र टम्टा ने भूपतवाला स्थित एक डेयरी से दूध तथा शांतिकुंज स्थित एक ढाबे से खुली लाल मिर्च पाउडर और खुली हल्दी पाउडर के कुल तीन नमूने जांच के लिए लिए। निरीक्षण के दौरान खड़खड़ी भूपतवाला और शांतिकुंज क्षेत्र के खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने ताजा खाद्य सामग्री का ही विक्रय करने बासी खाद्य सामग्री नहीं बेचने तथा खाद्य पदार्थों को ढककर रखने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण अभियान में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेंद्र पांडे भी मौजूद रहे। वहीं दूसरी ओर वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार के नेतृत्व में टीम ने रुड़की के कांवड़ पटरी मार्ग पर स्थित डेयरियों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान पनीर के तीन नमूने जांच के लिए लिए गए। निरीक्षण के दौरान करीब 90 किलोग्राम खराब पनीर पाया गया जिसे मौके पर ही नष्ट कराया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से जनपद में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच का अभियान लगातार जारी रहेगा। खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के साथ ही लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *