Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। सावन मास में आयोजित प्रसिद्ध श्री नीलकंठ महादेव कांवड़ यात्रा अब लगभग अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। अटूट श्रद्धा और आस्था के इस महापर्व में अब तक 49 लाख से अधिक शिवभक्त एवं श्रद्धालु श्री नीलकंठ महादेव मंदिर में जलाभिषेक एवं दर्शन कर अपने गंतव्य के लिए प्रस्थान कर चुके हैं। वहीं 11 अगस्त 2026 को दोपहर 12 बजे तक लगभग तीन लाख श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर जलाभिषेक एवं दर्शन कर चुके थे। यात्रा के समापन की ओर बढ़ने के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह और आस्था लगातार चरम पर बनी हुई है। शिवभक्तों और श्रद्धालुओं की इस विशाल यात्रा को सुगम सुरक्षित व्यवस्थित एवं निर्बाध बनाए रखने के लिए पौड़ी पुलिस यात्रा के प्रारंभ से ही पूरी तत्परता समर्पण और पेशेवर दक्षता के साथ प्रत्येक मोर्चे पर डटी हुई है। कठिन परिस्थितियों और अत्यधिक भीड़ के दबाव के बीच भी पुलिस अधिकारी और जवान पूरी संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। यात्रा के अंतिम चरण में भी पौड़ी पुलिस द्वारा श्रद्धालुओं की सुरक्षा सेवा और यात्रा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *