Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। नगर निगम श्रीनगर क्षेत्र में स्वच्छता सड़क व्यवस्था और बरसाती पानी की निकासी को लेकर महापौर आरती भंडारी ने सख्त रुख अपनाया है। शहर की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए महापौर ने जिला पंचायत जल संस्थान और नगर निगम के अधिकारियों को अलग-अलग पत्र जारी कर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि लापरवाही बरतने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। महापौर ने वार्ड 22 स्थित पापड़ी काष्ठ कला की भूमि का मामला जिला पंचायत के समक्ष उठाया है। पत्र में कहा गया है कि लंबे समय से भूमि विकसित नहीं होने के कारण यहां कूड़ा डंपिंग की स्थिति बन गई है। इससे गंदगी और दुर्गंध के साथ ही बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। क्षेत्रवासियों की लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए नगर निगम द्वारा कई बार यहां सफाई कराई गई और कई टन कूड़ा हटाया गया लेकिन बार-बार सफाई के बावजूद समस्या बनी हुई है। महापौर ने जिला पंचायत को 15 दिनों के भीतर भूमि की सफाई कराने उसे विकसित करने और चारदीवारी कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी है कि निर्धारित अवधि में कार्रवाई नहीं होने पर जनहित में नगर निगम द्वारा भूमि को नियमानुसार अधिग्रहित करने की अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
सड़कें खोदकर छोड़ने पर जल संस्थान को चेतावनी
पेयजल पाइपलाइन के कार्य के बाद सड़कों को पूर्व स्थिति में नहीं लाने पर भी महापौर ने जल संस्थान को सख्त निर्देश दिए हैं। पत्र में कहा गया है कि पाइपलाइन लीकेज के निराकरण एवं मरम्मत के लिए सड़क खोदने की अनुमति इस शर्त के साथ दी गई थी कि कार्य पूरा होने के बाद सड़क को नगर निगम के निर्धारित मानकों के अनुसार पूर्व स्थिति में दुरुस्त किया जाएगा और खुदाई से निकले मलबे का भी उचित निस्तारण किया जाएगा। स्थलीय निरीक्षण में विभिन्न स्थानों पर कार्य पूरा होने के बाद भी सड़कें और स्थल यथावत नहीं किए जाने की बात सामने आने पर महापौर ने तत्काल सभी क्षतिग्रस्त स्थानों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि निर्देशों का पालन नहीं होने पर नगर निगम उपविधि के तहत प्रति स्थान अर्थदंड लगाकर वसूली की कार्रवाई की जाएगी।
सड़कों पर सीधे बरसाती पानी बहाने वाले भवन स्वामियों पर भी होगी कार्रवाई
शहर में बरसात के दौरान सड़कों पर पानी बहने की समस्या को लेकर भी महापौर ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने सहायक नगर आयुक्त को निर्देश दिए हैं कि नगर निगम क्षेत्र में ऐसे घरों का चिन्हीकरण किया जाए, जहां छतों का बरसाती पानी पाइप के माध्यम से उचित निकासी व्यवस्था से जोड़ने के बजाय सीधे सड़कों पर छोड़ा जा रहा है। महापौर ने 15 दिनों के भीतर कर अनुभाग की टीम के साथ स्थलीय निरीक्षण कर ऐसे भवनों को चिह्नित करने नोटिस जारी करने और चालानी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
शहर की व्यवस्था सुधारने को लेकर महापौर का स्पष्ट संदेश
महापौर आरती भंडारी के इन निर्देशों को श्रीनगर शहर की स्वच्छता सड़क व्यवस्था और बेहतर जल निकासी व्यवस्था को लेकर एक सख्त एवं समयबद्ध पहल के रूप में देखा जा रहा है। महापौर ने संबंधित विभागों को स्पष्ट संदेश दिया है कि शहर की सार्वजनिक व्यवस्था से जुड़े मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आमजन की सुविधा एवं जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *