प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में जनपद में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए पैथोलॉजी लैब व्यवस्थाओं को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है। बुधवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.पारुल गोयल ने जिला चिकित्सालय के पैथोलॉजिस्ट एवं प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों के साथ वर्चुअल माध्यम से बैठक कर जनपद में संचालित पैथोलॉजी सेवाओं की समीक्षा की। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल ने सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को अपनी-अपनी चिकित्सा इकाइयों में संचालित पैथोलॉजी लैब को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। बैठक में लैब में उपलब्ध मानव संसाधन उपकरणों एवं बजट से संबंधित आवश्यकताओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने निर्देश दिए कि पैथोलॉजी लैब की व्यवस्थाओं का आकलन कर आवश्यकताओं से संबंधित प्रस्ताव शीघ्र उपलब्ध कराया जाए ताकि लैब की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जा सके और मरीजों को आवश्यक जांच की सुविधा स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो। बैठक में श्री केदारनाथ यात्रा की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर भी चर्चा की गई। आगामी माह में यात्रियों की संख्या बढ़ने के अनुमान को देखते हुए यात्रा व्यवस्था के अंतर्गत दवा उपकरण एवं अन्य आवश्यकताओं की लगातार समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि यात्रियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दवाओं और उपकरणों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने डेंगू की रोकथाम एवं नियंत्रण को लेकर भी समीक्षा की। उन्होंने जिला चिकित्सालय सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि जखोली तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ में फीवर क्लीनिक सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फीवर क्लीनिक स्थापित होने से ओपीडी में आने वाले बुखार से पीड़ित मरीजों की तत्काल जांच की जा सकेगी। इसके लिए रैपिड डायग्नोस्टिक टेस्ट तथा एलाइजा टेस्ट की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए ताकि डेंगू सहित बुखार से संबंधित अन्य मामलों की समय पर पहचान एवं आवश्यक उपचार सुनिश्चित किया जा सके। बैठक में पैथोलॉजिस्ट डॉ.मनीष प्रभारी चिकित्सा अधिकारी अगस्त्यमुनि डॉ.अक्षिता ममगाईं प्रभारी चिकित्सा अधिकारी जखोली डॉ.खुशपाल प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ऊखीमठ डॉ.गोपाल सजवाण सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
