प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। हर घर तिरंगा अभियान-2026 के अंतर्गत हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के चौरास परिसर में बुधवार को भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली में विश्वविद्यालय के शिक्षकों अधिकारियों कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस दौरान राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान एवं राष्ट्रप्रेम की भावना का संदेश दिया गया। तिरंगा रैली के दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति के नारों के साथ पूरे परिसर में मार्च किया। रैली का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं विश्वविद्यालय समुदाय में राष्ट्रीय एकता अखंडता और देशभक्ति की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना तथा हर घर तिरंगा अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना रहा। विश्वविद्यालय द्वारा हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत 9 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विश्वविद्यालय समुदाय को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों तथा राष्ट्रीय एकता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। अभियान के नोडल अधिकारी प्रो.एमएस नेगी ने सभी विद्यार्थियों शिक्षकों एवं कर्मचारियों से हर घर तिरंगा अभियान में सक्रिय सहभागिता करने का आह्वान किया। उन्होंने सभी से अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा अभियान के संदेश को व्यापक स्तर तक पहुंचाने की अपील की।
