प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के सौजन्य से राष्ट्रीय दृष्टिविहीनता नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में आयोजित नेत्र परीक्षण शिविरों में कुल 176 लोगों की नेत्र जांच की गई। जखोली ब्लॉक के सुमाड़ी में 161 बच्चों तथा गुप्तकाशी में 15 ग्रामीणों की नेत्र जांच की गई। वहीं सुमाड़ी में जांच के बाद 16 बच्चों को आगे की नेत्र जांच के लिए बेस चिकित्सालय रेफर किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.पारुल गोयल के निर्देशन एवं निर्मल आश्रम नेत्र संस्थान के सहयोग से घर-घर नेत्र जांच एवं स्कूल आई स्क्रीनिंग कार्यक्रम के तहत सरस्वती विद्या मंदिर सुमाड़ी में 161 बच्चों के नेत्रों की जांच की गई। जांच के दौरान 16 बच्चों को आगे की नेत्र जांच के लिए बेस चिकित्सालय रेफर किया गया जबकि 12 बच्चों को चश्मे वितरित किए गए। वहीं विवेकानंद नेत्रालय के सहयोग से गुप्तकाशी स्थित विवेकानंद विजन सेंटर में आयोजित कैंप में 15 ग्रामीणों की नेत्र जांच की गई। जांच में चार ग्रामीणों की आंखों में मोतियाबिंद पाया गया। इसके अलावा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनसूना में आयोजित मोतियाबिंद शिविर में विवेकानंद नेत्रालय रामकृष्ण मिशन आश्रम किशनपुर देहरादून की स्वास्थ्य टीम ने 15 लोगों के नेत्रों की जांच की। इनमें से चार ग्रामीण मोतियाबिंद से ग्रसित पाए गए। मोतियाबिंद से ग्रसित लोगों का देहरादून स्थित विवेकानंद नेत्रालय में निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन किया जाएगा। इसके लिए उन्हें विवेकानंद नेत्रालय रामकृष्ण मिशन आश्रम की टीम द्वारा देहरादून ले जाया जाएगा। सुमाड़ी में आयोजित शिविर में गौरव नौटियाल कुलेंद्र रावत अमन सरियाल आकाश राणा और सुखवीर ने सेवाएं प्रदान कीं। वहीं गुप्तकाशी में आयोजित कैंप में डॉ.नितिन रावत सौरभ बर्तवाल और सौरभ रावत ने सेवा प्रदान की।
