Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड शासन के निर्देशों के अनुपालन में जनपद रुद्रप्रयाग में राजस्व विभाग के कब्जे में ऐसी आरक्षित वन भूमि जो किसी निजी व्यक्ति अथवा संस्था को गैर वानिकी कार्यों के लिए आवंटित की गई है की जांच को लेकर गठित विशेष जांच दल की बैठक बुधवार को जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में एनआईसी सभागार जिला कार्यालय रुद्रप्रयाग में आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आरक्षित वन भूमि से संबंधित प्रकरणों की गहनता से जांच की जाए। इसके लिए उपलब्ध अभिलेखों राजस्व रिकॉर्ड एवं अन्य संबंधित दस्तावेजों का बारीकी से परीक्षण करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि जांच प्रक्रिया के दौरान सभी तथ्यों का बारीकी से सत्यापन किया जाए तथा निर्धारित मानकों एवं शासन स्तर से प्राप्त निर्देशों का पूरी तरह अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने जनपद में आरक्षित वन भूमि से जुड़े विभिन्न प्रकरणों के संबंध में उपलब्ध अद्यतन सूचनाओं की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जांच से संबंधित सभी सूचनाएं एवं अभिलेख समयबद्ध रूप से विशेष जांच दल के समक्ष उपलब्ध कराए जाएं ताकि प्रकरणों की जांच में किसी प्रकार की देरी न हो और आवश्यक कार्रवाई समय पर सुनिश्चित की जा सके। बैठक में अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा उप जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी उप जिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग ओंकार पांडे एसडीओ जखोली दिवाकर पंत सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp