Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। विकासखंड द्वारीखाल में ब्लॉक प्रमुख बीना राणा की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्यों एवं जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से सदन के समक्ष रखा। बैठक में कुल 107 शिकायतें एवं समस्याएं दर्ज की गईं जिनमें अधिकांश का संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा मौके पर ही निस्तारण किया गया। बैठक में प्रमुख रूप से लोक निर्माण विभाग पेयजल शिक्षा एवं कृषि विभाग से संबंधित समस्याएं उठाई गईं। बैठक की अध्यक्षता करते हुए ब्लॉक प्रमुख बीना राणा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों द्वारा सदन में उठाई गई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता पारदर्शिता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाना आवश्यक है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए क्षेत्र की समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में बीरेंद्र सिंह ने द्वारीखाल-बरसूड़ी मोटर मार्ग के चौड़ीकरण का मुद्दा उठाया। सतीश सिंह ने आबाद खेतों में घेरबाड़ कराने की मांग रखी। बीना देवी ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय पाली के मरम्मतीकरण का मामला सदन में रखा। वहीं अर्जुन सिंह ने द्वारीखाल-चेलूसैंण मोटर मार्ग पर पड़ने वाले गदेरे में पुल निर्माण की मांग उठाई। अंकुश डबराल ने राशन कार्ड ऑनलाइन कराने से संबंधित समस्या सदन के समक्ष रखी। इसके अलावा जनप्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों में सड़क पेयजल शिक्षा विद्युत कृषि सहित अन्य विभागों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। संबंधित विभागीय अधिकारियों ने सदन में उठाई गई समस्याओं के संबंध में की जा रही कार्रवाई एवं उनके निस्तारण की जानकारी जनप्रतिनिधियों को दी। बैठक के दौरान ब्लॉक क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास कार्यों और जनसमस्याओं को लेकर भी चर्चा की गई। ब्लॉक प्रमुख ने अधिकारियों से कहा कि क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों द्वारा बताई गई समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और जो समस्याएं मौके पर हल की जा सकती हैं उनका तत्काल निस्तारण किया जाए। उन्होंने लंबित मामलों पर भी समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर कनिष्ठ उप प्रमुख कौशल्या देवी जिला पंचायत सदस्य महेंद्र राणा अर्जुन सिंह क्षेत्र पंचायत सदस्य पुष्पा देवी जिला पंचायती राज अधिकारी जितेंद्र कुमार अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग लैंसडाउन विवेक कुमार लोक निर्माण विभाग दुगड्डा के अधिशासी अभियंता निर्भय सिंह विद्युत विभाग से नमिता अग्रवाल खंड विकास अधिकारी जयकृत बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp