प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी राफ्टिंग सीजन की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में गंगा नदी राफ्टिंग प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यों के साथ संबंधित विभागों के अधिकारियों तथा राफ्टिंग व्यवसाय से जुड़े प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। बैठक में राफ्टिंग संचालन से जुड़े नियमों एवं विनियमों के साथ ही पर्यटकों की सुविधा सुरक्षा और राफ्टिंग स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। जिला पर्यटन विकास अधिकारी सोवत सिंह राणा ने बैठक में अवगत कराया कि वर्तमान में जनपद में 265 राफ्टिंग फर्म पंजीकृत हैं तथा कुल 576 राफ्ट उपलब्ध हैं। आगामी राफ्टिंग सीजन को देखते हुए राफ्टिंग संचालन से संबंधित व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करने पर जोर दिया गया। बैठक में राफ्टिंग के पुट-इन एवं पुल-आउट प्वाइंट कुड़ियाला मरीन ड्राइव शिवपुरी ब्रह्मपुरी सहित अन्य स्थानों पर आवश्यक सुविधाओं के विकास एवं रख-रखाव को लेकर चर्चा की गई। इन स्थानों पर क्षतिग्रस्त पैदल मार्गों की मरम्मत के साथ ही शौचालय चेंजिंग रूम पार्किंग सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं विकसित करने और उपलब्ध व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया। पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए राफ्टिंग स्थलों पर स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने पर भी चर्चा हुई। बैठक में गंगा नदी राफ्टिंग प्रबंधन समिति की आय बढ़ाने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। इसमें प्रति पर्यटक लिए जाने वाले सुविधा शुल्क तथा वन विभाग द्वारा गंगा नदी राफ्टिंग प्रबंधन समिति से लिए जाने वाले पर्यटक शुल्क के विषय पर चर्चा की गई। इसके अलावा राफ्टिंग फर्मों के संचालन एवं नवीनीकरण से संबंधित विभिन्न विषय भी बैठक में रखे गए। समिति के सदस्यों एवं राफ्टिंग संचालकों ने अपने सुझाव और विचार जिलाधिकारी के समक्ष रखे। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने सभी राफ्टिंग संचालकों को आपसी एकजुटता एवं समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राफ्टिंग ऑपरेटरों के बीच किसी भी प्रकार के मतभेद होने पर आपसी संवाद के माध्यम से उनका समाधान किया जाए। उन्होंने राफ्टिंग के लिए उचित एवं निर्धारित दरों को लेकर भी आपसी सहमति बनाने पर जोर दिया ताकि आने वाले पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और उन्हें बेहतर अनुभव मिल सके। जिलाधिकारी ने राफ्टिंग संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं को पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधा के अनुरूप बनाए रखने पर जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों एवं संचालकों को आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में एडवेंचर स्पोर्ट्स ऑफिसर सीमा नौटियाल वाटर स्पोर्ट्स एक्सपर्ट यूटीडीबी से भूपेंद्र सिंह समिति के सदस्य धर्मेंद्र नेगी जयेंद्र बिष्ट हिमालयन रिवर एक्सपीडिशन से विक्रम सिंह रॉयल राफ्टिंग से रमेश रिवर्स एक्सपीडिशन से बिपेंद्र नेचर रैपिड एक्सपीडिशन से मनोज रेड चिली से बिपिन एक्सप्लोर हिमालयन एडवेंचर्स से मोहन सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं राफ्टिंग व्यवसाय से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
