Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। देश के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों की स्मृति में शुक्रवार को कोतवाली हरिद्वार के सामने स्थित भल्ला पार्क में शहीद दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने ध्वजारोहण किया तथा अमर शहीद जगदीश वत्स की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शहीद जगदीश वत्स का स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान देश को आजादी दिलाने के लिए काफी संघर्ष किया। उनके बलिदान को सदैव स्मरण किया जाता रहेगा। उन्होंने कहा कि देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता जिनके त्याग और बलिदान के फलस्वरूप ही देश को आजादी मिली। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का पूर्ण विवरण और स्पष्ट इतिहास उपलब्ध होना चाहिए ताकि भावी पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बारे में सही जानकारी मिल सके। इसके लिए उन्होंने नगर निगम को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहीदों के सपनों को पूरा करने के लिए सभी की सहभागिता जरूरी है और इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने दायित्वों का जिम्मेदारी से निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ मेले को सफल बनाने में क्षेत्रवासियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा है। कई लोगों ने यातायात व्यवस्था में भी सहयोग किया। उन्होंने कहा कि कांवड़ जैसे बड़े आयोजन सभी के सहयोग और सुझाव से सफल हो सके हैं। आगामी कुंभ मेले को भी सभी के सुझावों को शामिल करते हुए जनसहयोग से सफल बनाने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर गोपाल नारसन ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। उनके पराक्रम और जीवन संघर्ष को पाठ्यक्रम में शामिल किया जाना चाहिए ताकि आने वाली पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग बलिदान और संघर्ष की जानकारी मिल सके। मुरली मनोहर ने भी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आजादी के लिए किए गए संघर्ष त्याग और बलिदान के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों उनके परिजनों एवं आश्रितों भारत भूषण मुरली मनोहर गोपाल नारसन अनिल गिरी मुकेश त्यागी सुनील जोशी बाल किशन कोरी श्याम सुंदर सचदेवा राजन कौशिक रविंद्र शर्मा शशि सुनीता त्यागी रीता गुलाटी सुरेंद्र कुमार सैनी नवीन शरण निश्चल विशाल अग्रवाल पार्षद हिमांशु गुप्ता सहित अन्य को शॉल एवं पुष्प माला भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन सचिव रेडक्रास डॉ.नरेश चौधरी ने किया। इस अवसर पर सहायक नगर आयुक्त महेंद्र यादव जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजन संबंधित अधिकारी एवं पदाधिकारी तथा स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *