प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। दिनांक 7 अगस्त को थाना लम्बगांव क्षेत्र में एक महिला की गुमशुदगी की सूचना प्राप्त होने पर टिहरी पुलिस द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल गुमशुदगी दर्ज की गई तथा महिला की तलाश के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम द्वारा परिजनों के बयान दर्ज कर ग्राम जणगी एवं आसपास के क्षेत्रों में सघन कॉम्बिंग शुरू की गई। महिला के नदी क्षेत्र में होने की संभावनाओं को देखते हुए एसडीआरएफ एवं जल पुलिस को भी तलाश अभियान में सम्मिलित किया गया। नदी एवं डैम क्षेत्र में मोटर बोट के माध्यम से लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। गुमशुदा महिला की तलाश में टिहरी पुलिस द्वारा जमीनी जल हवाई एवं तकनीकी स्तर पर व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस टीमों द्वारा गांव से सटे घने जंगलों नालों पहाड़ी रास्तों नदी किनारे के क्षेत्रों तथा अन्य संभावित स्थानों को लगातार खंगाला जा रहा है। वहीं एसडीआरएफ एवं जल पुलिस की बोट टीमों द्वारा नदी एवं डैम के गहरे जलग्रहण क्षेत्रों तथा नदी के बहाव वाले संभावित स्थानों पर लगातार जल-सर्च अभियान चलाया जा रहा है। तलाशी अभियान के दौरान दुर्गम एवं संभावित क्षेत्रों में उच्च गुणवत्ता वाले ड्रोन कैमरों से हवाई सर्वेक्षण भी किया गया है ताकि ऐसे स्थानों को भी कवर किया जा सके जहां जमीनी टीमों के लिए पहुंचना कठिन है। महिला की तलाश के साथ-साथ पुलिस द्वारा तकनीकी एवं डिजिटल साक्ष्यों की भी गहनता से जांच की जा रही है। महिला के मोबाइल की सर्विलांस एवं सीडीआर का विश्लेषण बैंक खाते एवं वित्तीय लेनदेन का अवलोकन फेसबुक अकाउंट एवं अन्य डिजिटल फुटप्रिंट्स की जांच कर संभावित सुराग जुटाए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त गुमशुदा महिला के फोटो एवं विवरण वाले पम्फलेट सीमावर्ती थानों एवं आसपास के जनपदों में प्रसारित किए गए हैं। संबंधित थाना क्षेत्रों से समन्वय स्थापित कर महिला के संबंध में मिलने वाली किसी भी संभावित सूचना को साझा किया जा रहा है। टिहरी पुलिस द्वारा गुमशुदा महिला की तलाश को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उपलब्ध सभी संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है। पुलिस एसडीआरएफ एवं जल पुलिस की टीमें लगातार सर्च अभियान में जुटी हुई हैं तथा नदी डैम जंगल पहाड़ी क्षेत्र एवं अन्य संभावित स्थानों पर व्यापक स्तर पर तलाश जारी है। पुलिस द्वारा महिला से संबंधित प्रत्येक संभावित सुराग की गंभीरता से जांच की जा रही है और उसकी सुरक्षित तलाश एवं बरामदगी के लिए हर संभव प्रयास लगातार किए जा रहे हैं।
