Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। पुलिस लाइन चंबा में हरियाली तीज के पावन अवसर पर पुलिस परिवार की महिलाओं के लिए भव्य एवं रंगारंग तीज समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। समारोह में पुलिस परिवार की महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। पारंपरिक लोकगीत संगीत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तीज के झूले एवं विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताओं ने पूरे वातावरण को उमंग और उल्लास से भर दिया। हरियाली तीज समारोह के दौरान आयोजित तीज क्वीन प्रतियोगिता में पुलिस परिवार की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर पूजा कश्यप को तीज क्वीन चुना गया। उपासना फर्स्ट रनरअप और संगीता सेकंड रनरअप रहीं। समारोह में आयोजित बेस्ट मेहंदी प्रतियोगिता में भी महिलाओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में सरिता प्रथम सोनी चौहान द्वितीय और मानसी तृतीय स्थान पर रहीं। सभी विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर एसएसपी टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे ने पुलिस परिवार की सभी महिलाओं को हरियाली तीज की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हरियाली तीज जैसे पारंपरिक पर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एवं लोक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ ही आपसी प्रेम सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मी अपने कर्तव्यों के निर्वहन में दिन-रात तत्पर रहते हैं। ऐसे आयोजन पुलिस कर्मियों एवं उनके परिवारजनों को एक साथ खुशी के पल बिताने का अवसर प्रदान करते हैं तथा आपसी सहयोग पारिवारिक जुड़ाव और सौहार्द की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के दौरान पुलिस परिवार की महिलाओं ने पारंपरिक लोकगीत नृत्य एवं मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। तीज के पारंपरिक झूले गीत-संगीत एवं मनोरंजक गतिविधियों ने समारोह में चार-चांद लगा दिए। महिलाओं ने एक-दूसरे को हरियाली तीज की शुभकामनाएं देते हुए सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम के अंत में विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया तथा सभी ने मिलकर तीज पर्व की खुशियां साझा कीं। पुलिस लाइन चंबा में आयोजित यह समारोह पुलिस परिवार की एकजुटता महिला प्रतिभा सांस्कृतिक विरासत एवं आपसी सौहार्द का सुंदर उदाहरण बना।कार्यक्रम में आयुर्वेदिक अस्पताल टिहरी गढ़वाल की सिद्धि मिश्रा अभियोजन अधिकारी टिहरी गढ़वाल सुश्री परवाज अख्तर वन स्टॉप सेंटर टिहरी गढ़वाल की सुश्री रश्मि बिष्ट श्रीमती शालू सिंह रश्मि भंडारी ऊषा सिंह सहित अन्य अतिथिगण एवं पुलिस परिवार की महिलाएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *