Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। ज्ञान भारतम् मिशन के अंतर्गत संचालित राष्ट्रीय पाण्डुलिपि सर्वेक्षण अभियान के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में पाण्डुलिपियों के सर्वेक्षण, संरक्षण एवं डिजिटलीकरण को लेकर अब तक की गई कार्यवाही तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में बताया गया कि ज्ञान भारतम् मिशन भारत की समृद्ध ज्ञान परंपरा एवं बौद्धिक विरासत को पुनर्जीवित करने की भारत सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। मिशन के अंतर्गत विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों, मठ-मंदिरों, शैक्षणिक संस्थानों, निजी एवं सार्वजनिक पुस्तकालयों तथा व्यक्तियों के पास उपलब्ध पाण्डुलिपियों हस्तलिखित ग्रंथों ताड़पत्रों भोजपत्रों एवं अन्य प्राचीन दस्तावेजों की पहचान, सर्वेक्षण, कैटलॉगिंग संरक्षण एवं डिजिटलीकरण का कार्य किया जाना है। जनपद में उपलब्ध प्राचीन पाण्डुलिपियों हस्तलिखित ग्रंथों ताड़पत्रों भोजपत्रों एवं अन्य दस्तावेजों का सर्वेक्षण ज्ञान भारतम् पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा। सर्वेक्षण कार्य के लिए ज्ञान भारतम् मोबाइल एप्लीकेशन का भी उपयोग किया जाएगा जिसे गूगल प्ले स्टोर एवं एप स्टोर से निःशुल्क डाउनलोड किया जा सकता है। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को जनपद में व्यापक स्तर पर संचालित करते हुए पाण्डुलिपियों एवं प्राचीन दस्तावेजों की अधिक से अधिक जानकारी जुटाई जाए। उन्होंने कहा कि जिले की समृद्ध ऐतिहासिक सांस्कृतिक एवं बौद्धिक विरासत को संरक्षित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने संबंधित विभागों एवं संस्थानों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए सर्वेक्षण कार्य को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में परियोजना निदेशक आनंद सिंह सहित राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोपेश्वर संस्कृत महाविद्यालय मंडल गोपेश्वर नगर पालिका परिषद गोपेश्वर सहित संबंधित विभागों एवं संस्थानों के अधिकारी व कार्मिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *