Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। ईद-ए-मिलाद-उल-नबी के दृष्टिगत जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा साम्प्रदायिक सौहार्द कायम रखने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने विभिन्न क्षेत्रों में मजिस्ट्रेटों की तैनाती के आदेश जारी किए हैं। ईद-ए-मिलाद-उल-नबी यानी बारावफात इस वर्ष 26 अगस्त 2026 को चंद्र दर्शन के अनुसार मनाया जाएगा। यह पर्व सुन्नी सम्प्रदाय द्वारा पैगम्बर मोहम्मद साहब के जन्म एवं निर्वाण तथा शिया सम्प्रदाय द्वारा जन्म दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर नफली इबादत यानी विशेष अतिरिक्त नमाज अदा करने के साथ घरों धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थानों पर रोशनी आतिशबाजी जुलूस और जलसे आदि आयोजित किए जाते हैं जो मुख्य पर्व के बाद भी जारी रहते हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि पर्व के दौरान साम्प्रदायिक संवेदनशीलता को देखते हुए जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर मजिस्ट्रेट हरिद्वार एवं सभी उप जिलाधिकारी पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर गृह मंत्रालय भारत सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। पर्व से पूर्व संबंधित धार्मिक पक्षों के साथ आवश्यक बैठक आयोजित कर व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जाएंगी। कानून एवं शांति व्यवस्था तथा साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए नगर मजिस्ट्रेट हरिद्वार को नगर हरिद्वार क्षेत्र मुख्य रूप से ज्वालापुर कस्बे की जिम्मेदारी दी गई है। संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की को सब डिविजन रुड़की क्षेत्र मुख्य रूप से रुड़की एवं लंढौरा कस्बे की जिम्मेदारी सौंपी गई है। तहसीलदार रुड़की को मंगलौर कस्बे उप जिलाधिकारी हरिद्वार को सब डिविजन हरिद्वार क्षेत्र मुख्य रूप से ग्राम कुन्हारी तथा तहसीलदार हरिद्वार को ग्राम धनपुरा की जिम्मेदारी दी गई है। उप जिला मजिस्ट्रेट लक्सर को सब डिविजन लक्सर क्षेत्र मुख्य रूप से सुल्तानपुर एवं खड़ंजा कुतुबपुर जबकि तहसीलदार लक्सर को लक्सर कस्बे की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी प्रकार उप जिला मजिस्ट्रेट भगवानपुर को सब डिविजन भगवानपुर क्षेत्र तथा तहसीलदार भगवानपुर को डाडा जलालपुर एवं सरठेड़ी शाहजहांपुर थाना भगवानपुर क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी दी गई है। जिलाधिकारी ने पुलिस प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उप जिला मजिस्ट्रेट अपने स्तर से अधीनस्थ नायब तहसीलदारों को अपनी सुविधा के अनुसार नियुक्त कर पर्व के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना सुनिश्चित करेंगे तथा समय-समय पर स्थिति से अवगत कराते रहेंगे। इसके अतिरिक्त अपर जिलाधिकारी प्रशासन हरिद्वार को तहसील हरिद्वार एवं तहसील लक्सर तथा अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व हरिद्वार को तहसील रुड़की एवं भगवानपुर में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए समग्र प्रभारी नामित किया गया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ईद-ए-मिलाद-उल-नबी के अवसर पर कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ साम्प्रदायिक सौहार्द आपसी भाईचारा एवं शांतिपूर्ण वातावरण कायम रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं। जिलाधिकारी ने आमजन से भी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *