Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जब बच्चे और परिवारजन साथ न हों और उम्र के इस पड़ाव पर अकेलापन सताने लगे तब अपनों का थोड़ा सा साथ भी बड़ी खुशी देता है। इसी भावना के साथ चमोली पुलिस ने ऐसे बुजुर्गों के घर पहुंचकर उनका हालचाल जाना और उन्हें सुरक्षा व अपनत्व का भरोसा दिलाया। पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने जनपद के सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने थाना क्षेत्रों में रहने वाले ऐसे सीनियर सिटीजन और बुजुर्गों को चिन्हित किया जाए जिनके बच्चे अथवा परिजन उनके साथ नहीं रहते हैं। पुलिसकर्मियों को नियमित रूप से उनके घर जाकर कुशलक्षेम पूछने उनकी समस्याओं की जानकारी लेने और आवश्यकता पड़ने पर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में कोतवाली गोपेश्वर पुलिस थाना क्षेत्र में ऐसे बुजुर्गों के घर पहुंची और आत्मीय भाव से उनका हालचाल जाना। पुलिसकर्मियों ने बुजुर्गों से उनकी स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों दैनिक जीवन में आने वाली परेशानियों और अन्य समस्याओं के बारे में जानकारी ली। पुलिस की इस पहल और अपनत्व को देखकर बुजुर्ग भावुक हो गए और उन्होंने चमोली पुलिस को ढेरों आशीर्वाद देते हुए इस पहल की सराहना की। इस दौरान पुलिस टीम ने सभी सीनियर सिटीजन को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने के लिए जागरूक किया। उन्हें बताया गया कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक संबंधी जानकारी अथवा अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। साथ ही किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त करने के लिए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। चमोली पुलिस की यह पहल केवल बुजुर्गों की कुशलक्षेम पूछने तक सीमित नहीं है बल्कि उनके भीतर सुरक्षा सम्मान और अपनत्व का विश्वास पैदा करने की एक संवेदनशील कोशिश है। पुलिस की इस पहल से उन बुजुर्गों को यह भरोसा मिल रहा है कि परिवारजन भले ही उनके आसपास न हों, लेकिन जरूरत के समय पुलिस उनके साथ खड़ी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *