Spread the love

प्रदीप कुमार
नरेंद्रनगर-टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। टिहरी क्षेत्र के उप जिला अस्पताल नरेंद्रनगर में चिकित्सकों की टीम ने करीब ढाई घंटे तक चले एक जटिल ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। असामान्य गर्भाशय रक्तस्राव और निचले पेट में दर्द की शिकायत के साथ अस्पताल पहुंची महिला की आवश्यक जांचों के बाद चिकित्सकों ने गर्भाशय की सर्जरी की। ऑपरेशन के दौरान चिकित्सकों ने करीब 700 ग्राम वजन का रक्त से भरा हुआ गर्भाशय सफलतापूर्वक निकाला। मामले की जटिलता को देखते हुए ऑपरेशन के दौरान पूरी टीम ने आपसी समन्वय के साथ कार्य किया। सर्जिकल टीम का नेतृत्व डॉ. वर्षा पवार ने किया जबकि जनरल सर्जन डॉ.दीपाशा वर्मा ने ऑपरेशन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एनेस्थीसिया टीम में डॉ.अनुराग अग्रवाल और डॉ.शिवानी ने मरीज को सामान्य बेहोशी देकर नियंत्रित श्वसन एवं वेंटिलेटर सपोर्ट के साथ एनेस्थीसिया प्रबंधन किया। ऑपरेशन थिएटर टीम में गीता सिस्टर और अमित वार्ड बॉय भी शामिल रहे। अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ.अमित राय ने सफल ऑपरेशन के लिए पूरी टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार बेहतर किया जा रहा है। अस्पताल में हर्निया हाइड्रोसील गॉलब्लैडर सहित अन्य सर्जिकल ऑपरेशन भी शुरू किए गए हैं जिससे क्षेत्र के मरीजों को उपचार के लिए दूर जाने की आवश्यकता कम होगी। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने कहा कि अस्पताल में विशेषज्ञ सेवाओं और सर्जिकल सुविधाओं को और मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने जटिल ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम देने वाली पूरी चिकित्सकीय एवं ऑपरेशन थिएटर टीम को बधाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *