Spread the love

प्रदीप कुमार
कीर्तिनगर/श्रीनगर गढ़वाल। कीर्तिनगर में देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड कीर्तिनगर स्थित प्रसिद्ध लोस्तू महादेव मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्य का शिलान्यास विधायक विनोद कंडारी ने किया। मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 95.95 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। कार्य शुरू होने से मंदिर परिसर के स्वरूप में सुधार के साथ श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। इस अवसर पर विधायक विनोद कंडारी ने कहा कि क्षेत्र के धार्मिक एवं पौराणिक स्थलों का विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। लोस्तू महादेव मंदिर के सौंदर्यीकरण से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ ही क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि धार्मिक और पौराणिक स्थलों के विकास से स्थानीय स्तर पर पर्यटन गतिविधियों को गति मिलने के साथ क्षेत्र की पहचान भी और मजबूत होगी। सौंदर्यीकरण कार्य के शिलान्यास के अवसर पर क्षेत्रवासियों में भी उत्साह देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने मंदिर के विकास के लिए खुशी जताते हुए विधायक का आभार व्यक्त किया। क्षेत्रवासियों का कहना है कि मंदिर के सौंदर्यीकरण से श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी और क्षेत्र में आने वाले लोगों को बेहतर वातावरण उपलब्ध हो सकेगा। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान गहड़ उषा देवी ब्लॉक प्रमुख हिंडोलाखाल विनोद बिष्ट नगर पालिका अध्यक्ष देवप्रयाग ममता देवी मंडल अध्यक्ष देवप्रयाग ग्रामीण नरेंद्र रावत मंडल अध्यक्ष कीर्तिनगर कुलदीप रावत तथा ब्रिगेडियर प्रभात भंडारी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान बाबा लोस्तू महादेव से क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की गई। स्थानीय लोगों ने मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्य को क्षेत्र के धार्मिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *