प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। टिहरी में जिला प्रशासन ने आमजन से भारत सरकार के मायस्कीम पोर्टल का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की है। भारत सरकार द्वारा नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी आसानी से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मायस्कीम पोर्टल एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय डिजिटल मंच के रूप में कार्य कर रहा है। इस पोर्टल के माध्यम से नागरिक अपनी पात्रता के आधार पर अपने लिए उपयुक्त सरकारी योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर प्राप्त कर सकते हैं। मायस्कीम पोर्टल नागरिकों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं को खोजने उनकी पात्रता एवं लाभ की जानकारी प्राप्त करने तथा आवेदन प्रक्रिया समझने में सहायता करता है।इससे नागरिकों को अलग-अलग सरकारी विभागों एवं वेबसाइटों पर जाकर योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त करने की आवश्यकता कम होती है। पोर्टल की विशेषता यह है कि नागरिक अपनी व्यक्तिगत पात्रता संबंधी जानकारी के आधार पर अपने लिए लागू योजनाओं की पहचान कर सकते हैं। इसके माध्यम से कृषि शिक्षा रोजगार स्वरोजगार सामाजिक सुरक्षा महिला एवं बाल विकास स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित योजनाओं की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि अधिक से अधिक नागरिक मायस्कीम पोर्टल का उपयोग कर सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और पात्र होने पर संबंधित योजना का लाभ उठाएं। मायस्कीम का उद्देश्य सही योजना की जानकारी सही व्यक्ति तक सरल एवं डिजिटल माध्यम से पहुंचाना है। यह पोर्टल सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए एकीकृत मंच के रूप में कार्य करता है। नागरिक मायस्कीम पोर्टल पर जाकर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
