प्रदीप कुमार
रिखणीखाल-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। रिखणीखाल में 19 अगस्त 2026 की रात घने अंधेरे और सुनसान वन क्षेत्र में सड़क पर विशाल चीड़ का पेड़ गिरने से मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। मार्ग बंद होने के कारण खतरे में फंसे शिक्षक की सूचना पर रिखणीखाल पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और पेड़ हटाकर मार्ग को सुचारु कराया। इसके बाद शिक्षक सुरक्षित रूप से अपने गंतव्य के लिए रवाना हो सके। सिमड़ी निवासी सत्यप्रकाश ने रिखणीखाल पुलिस को सूचना दी कि वह कोटद्वार से अवकाश के बाद अपने विद्यालय जा रहे थे। विभिन्न स्थानों पर मार्ग अवरुद्ध होने के कारण उन्हें पहले ही काफी देर हो चुकी थी। इसी दौरान रिखणीखाल बाजार से आगे रात करीब 11 बजे वाहन से गुजरते समय एक विशाल चीड़ का पेड़ सड़क पर गिरा मिला जिससे मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया था। सुनसान वन क्षेत्र और रात का समय होने के कारण शिक्षक के सामने परेशानी और बढ़ गई। क्षेत्र में बाघ भालू एवं अन्य जंगली जानवरों का खतरा भी बना हुआ था। ऐसी स्थिति में उन्होंने पुलिस से मदद की गुहार लगाई। सूचना मिलते ही रिखणीखाल पुलिस आवश्यक उपकरणों के साथ बिना समय गंवाए मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने तत्परता और साहस का परिचय देते हुए सड़क पर गिरे भारी-भरकम चीड़ के पेड़ को काटकर हटाया। इसके बाद अवरुद्ध मार्ग को यातायात के लिए सुचारु किया गया। मार्ग खुलने के बाद शिक्षक सुरक्षित रूप से अपने गंतव्य के लिए रवाना हो सके। पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई से राहत महसूस करते हुए सत्यप्रकाश ने पौड़ी पुलिस का आभार व्यक्त किया। इस कार्रवाई में अपर उपनिरीक्षक राजेश मीना हेड कांस्टेबल भगत दास हेड कांस्टेबल चन्द्रभान और चालक हरेन्द्र शामिल रहे।
