प्रदीप कुमार
कोटद्वार-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। चेक बाउंस के पांच मामलों में वांछित ग्राम विकास अधिकारी को कोटद्वार पुलिस ने गुमखाल से गिरफ्तार किया है। उसके विरुद्ध न्यायालय द्वारा गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार द्वारा जनपद के सभी थाना प्रभारियों को निरोधात्मक कार्रवाई प्रभावी बनाने तथा न्यायालयों से प्राप्त गैर-जमानती वारंटों की शत-प्रतिशत तामील सुनिश्चित करते हुए वारण्टी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्देशों के क्रम में कोतवाली कोटद्वार पुलिस ने न्यायिक मजिस्ट्रेट कोटद्वार की अदालत में विचाराधीन चेक बाउंस के पांच मामलों में वांछित वारंटी मनीष जुयाल ग्राम विकास अधिकारी को गुमखाल से गिरफ्तार किया। उसके विरुद्ध चेक बाउंस के मामलों में न्यायालय द्वारा गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए थे। गिरफ्तार वारंटी मनीष जुयाल निवासी नजीबाबाद रोड कोटद्वार को न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक वेद प्रकाश उपनिरीक्षक किशन दत्त शर्मा कांस्टेबल चन्द्रपाल तथा होमगार्ड कुलदीप शामिल रहे।
