प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। ब्रह्माकुमारीज श्रीनगर गढ़वाल सेवा केंद्र में रविवार को रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत मुख्य अतिथि और दीपा रावत विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राजयोगी ब्रह्मा कुमार भ्राता मेहरचंद जी ने कहा कि भारत उत्सवों और पर्वों की भूमि है तथा रक्षाबंधन का पर्व केवल भाई-बहन के संबंध तक सीमित नहीं है बल्कि यह पवित्रता और आध्यात्मिक मूल्यों का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन का वास्तविक संदेश आत्मिक और नैतिक सुरक्षा से जुड़ा है। आज की नारी अबला नहीं बल्कि सबला बन चुकी है और महिलाओं के प्रति सम्मान तथा पवित्र दृष्टिकोण समाज की आवश्यक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारीज का उद्देश्य रक्षाबंधन के माध्यम से यह संदेश देना है कि पवित्रता सर्वोच्च धर्म है जिसमें सुख और शांति निहित हैं। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी नीलम दीदी ने उपस्थित लोगों को राखी बांधी। पर्यावरण संरक्षण और फलदार पौधों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अंगूर आंवला माल्टा और नींबू के करीब 80 पौधों का वितरण किया गया। साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को नशामुक्ति अभियान के तहत नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई गई। मुख्य अतिथि डॉ.धन सिंह रावत ने ब्रह्माकुमारी बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं और कार्यक्रम में आमंत्रित करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारीज सेवा केंद्र में आने से उन्हें मानसिक शांति मिलती है। यहां की निस्वार्थ समाजसेवा से दिव्य शक्ति और सेवा-भाव की प्रेरणा मिलती है। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध किया। बी.के.भोपाल चौधरी ने अतिथियों का स्वागत किया जबकि प्रो.जय किशन तिवारी ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कमला गोयल प्रो.राकेश नेगी कुशलानाथ प्रवेश चमोली संदीप रावत प्रमिला भंडारी और भास्कर अंथवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
