प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। अवैध शराब की तस्करी एवं बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत टिहरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को अवैध अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 52 पव्वे अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल के आदेशानुसार तथा अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल एवं क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर के निर्देशन में जनपद में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 22 अगस्त 2026 को कोतवाली कीर्तिनगर पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग एवं गश्त कर रही थी। चेकिंग के दौरान निर्माणाधीन पुल बैरियर के पास चौरास से पुलिस टीम ने एक व्यक्ति को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 52 पव्वे अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। बरामद शराब का ब्रांड इंपीरियल ब्लू व्हिस्की है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक कार्रवाई की। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान कैलाश सिंह उर्फ बुलेट पुत्र स्वर्गीय शूरवीर सिंह निवासी ग्राम देवगढ़ी पट्टी लोस्तु तहसील बड़ियारगढ़ जनपद टिहरी गढ़वाल उम्र लगभग 43 वर्ष के रूप में हुई है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल राजेश रावत और कांस्टेबल रविन्द्र सिंह कोतवाली कीर्तिनगर शामिल रहे। टिहरी पुलिस की ओर से अवैध नशे के कारोबार और शराब की तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रखने की बात कही गई है।
